
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित डॉक्यूसीरीज़ को मिली राहत, हाईकोर्ट ने शीर्षक बदलने की दी सलाह
पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई पर आधारित Zee5 की विवादित डॉक्यूसीरीज़ को लेकर अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने डॉक्यूसीरीज़ के टाइटल से “Lawrence” और “Punjab” शब्द हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अब इस सीरीज़ की रिलीज़ का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।
दरअसल, Zee5 की यह डॉक्यूसीरीज़ पहले “Lawrence of Punjab” नाम से रिलीज़ होनी थी, लेकिन पंजाब सरकार और अन्य पक्षों की आपत्तियों के बाद इस पर विवाद खड़ा हो गया था। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि यह सीरीज़ अपराध और गैंगस्टर संस्कृति को बढ़ावा दे सकती है तथा युवाओं पर इसका गलत असर पड़ सकता है।
मामले की सुनवाई के दौरान Zee Entertainment Enterprises Ltd की ओर से कोर्ट को आश्वस्त किया गया कि अब डॉक्यूसीरीज़ के शीर्षक में “Lawrence Bishnoi” और “Punjab” शब्दों का उपयोग नहीं किया जाएगा। इसके बाद हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार की रिलीज़ रोकने संबंधी एडवाइजरी को निरस्त कर दिया।
सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने स्वयं डॉक्यूसीरीज़ देखी और टिप्पणी की कि प्रथम दृष्टया इसमें किसी अपराधी का महिमामंडन होता नहीं दिख रहा है। कोर्ट ने कहा कि केवल किसी वास्तविक घटना या व्यक्ति पर आधारित सामग्री होने भर से उसे प्रतिबंधित नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि यह डॉक्यूसीरीज़ 27 अप्रैल को रिलीज़ होनी थी, लेकिन पंजाब सरकार की आपत्ति और कानून-व्यवस्था संबंधी चिंताओं के चलते केंद्र सरकार ने इसकी रिलीज़ पर रोक लगाने की सलाह जारी की थी। पंजाब पुलिस ने आशंका जताई थी कि सीरीज़ में अपराध जगत और गैंगस्टर संस्कृति को ग्लैमराइज किया गया है।
निर्माताओं के मुताबिक यह डॉक्यूसीरीज़ लॉरेंस बिश्नोई को “केस स्टडी” के रूप में दिखाती है और छात्र राजनीति, संगीत, मीडिया और अपराध के आपसी संबंधों को समझाने का प्रयास करती है। अब टाइटल में बदलाव के बाद इसके जल्द रिलीज़ होने की संभावना जताई जा रही है।





