यूपी की राजनीति में बड़ा बयान: पूजा पाल, डिप्टी सीएम फॉर्मूला और 3 उपमुख्यमंत्री की चर्चा तेज
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने राज्य की राजनीति में एक बार फिर हलचल मचा दी है, हाल ही में हुए कैबिनेट विस्तार और विधायक पूजा पाल को मंत्रिमंडल में जगह न मिलने को लेकर उन्होंने सरकार पर तीखा तंज कसा है।
प्रयागराज में एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि अगर सरकार की नीयत और सोच को समझना है तो यह फैसला भी उसी दिशा में देखा जाना चाहिए, उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि अगर जरूरत पड़े तो पूजा पाल को डिप्टी सीएम बना दिया जाना चाहिए और अगर तीन डिप्टी सीएम बनते हैं तो इसमें कोई बुराई नहीं है।
“यह बीजेपी का प्यार था या कुछ और?” — अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने कहा, “यह तो BJP का प्यार था पूजा पाल जी के लिए, या मुख्यमंत्री जी का लगाव था, उन्हीं लोगों से पूछिए। हो सकता है मैं गलत हूं, लेकिन कुछ लोगों को लगता था कि वह मंत्री बनेंगी, मैं तो अभी भी अपील करता हूं कि डिप्टी सीएम को हटाकर उन्हें बना देना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि अगर सरकार चाहती है तो तीन उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं।
कैबिनेट विस्तार पर उठे सवाल
अखिलेश यादव का यह बयान उस समय आया है जब हाल ही में योगी सरकार के कैबिनेट विस्तार में 8 नए मंत्रियों ने शपथ ली है, इस विस्तार को लेकर राजनीतिक हलकों में पहले से ही चर्चाएं चल रही थीं, और अब इस बयान के बाद सियासी तापमान और बढ़ गया है।
Also Read – सीमा कुशवाहा का दावा: महिलाओं के खिलाफ अपराधों में दोषियों को सजा दिलाने में यूपी नंबर-1
सरकार पर गंभीर आरोप भी लगाए
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने सरकार पर झूठ और प्रशासनिक लापरवाही के आरोप भी लगाए, उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक वीडियो में सच्चाई को बदलने की कोशिश की गई और झूठे नाम जोड़ दिए गए, उन्होंने पुलिस प्रशासन और सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या इसी तरह लोकतंत्र चलेगा कि जब सच्चाई सामने आए तो उसे बदल दिया जाए।
चुनावी माहौल में बढ़ी सियासी गर्मी
अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा, उन्होंने कहा कि चुनाव ज्यादा दूर नहीं हैं और जनता के बीच जाकर वोट मांगा जाएगा, उन्होंने सरकार की कार्यशैली पर तंज कसते हुए कहा कि विकास और कामकाज के बजाय सिर्फ दिखावे की राजनीति हो रही है।
राजनीतिक हलचल तेज
पूजा पाल का नाम, डिप्टी सीएम फॉर्मूला और कैबिनेट विस्तार को लेकर उठे सवालों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है, आने वाले दिनों में यह मुद्दा और भी गर्माने की संभावना है।






