यूपी के हमीरपुर जिले में स्थित कभी वीरान पड़ा सिटी फॉरेस्ट अब नए अंदाज़ में लोगों का स्वागत करने जा रहा है। 90 के दशक में बना यह “पत्थरों का जू” लंबे समय तक प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार रहा, लेकिन अब वन विभाग इसे फिर से खूबसूरत पर्यटन और पिकनिक स्पॉट में बदलने में जुट गया है।

एक समय ऐसा था जब यहां बच्चों की चहल-पहल और परिवारों की रौनक दिखाई देती थी, लेकिन समय के साथ यह जगह सुनसान हो गई। हालात इतने खराब हो गए कि अपराधियों ने इसे अपना अड्डा बना लिया। अब वन विभाग ने करीब 65 लाख रुपये की लागत से इसके सौंदर्यीकरण का काम शुरू किया है और इसे “नगर वन” के रूप में विकसित किया जा रहा है।
जंगली जानवरों के स्टेच्यू और सेल्फी पॉइंट बने आकर्षण

सिटी फॉरेस्ट में शेर, चीता, हिरण, हाथी और मगरमच्छ जैसे जंगली जानवरों के स्टेच्यू लगाए गए हैं, जो लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। बच्चों के लिए झूले, फव्वारे और ओपन जिम की सुविधा भी तैयार की गई है। साथ ही नया सेल्फी पॉइंट युवाओं के बीच खासा लोकप्रिय हो रहा है।
1993 में हुआ था निर्माण

वन विभाग ने वर्ष 1993 में इस सिटी फॉरेस्ट का निर्माण कराया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन राज्यपाल मोतीलाल वोरा ने किया था। करीब 74 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ यह शहर का इकलौता पिकनिक स्पॉट था।
अब बदलेगी तस्वीर

डीएफओ अनिल श्रीवास्तव के अनुसार, नगर वन का अधिकांश काम पूरा हो चुका है और जल्द ही इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। मुख्य द्वार से लेकर अंदर के मैदान तक की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। अब यहां परिवार और बच्चे सुरक्षित माहौल में घूमने और पिकनिक का आनंद ले सकेंगे।






