समाजवादी पार्टी के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे एवं भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का गुरुवार को लखनऊ के भैंसाकुंड घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से यादव परिवार समेत प्रदेश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा में परिवार के सदस्य, रिश्तेदार, समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता तथा बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। अंतिम दर्शन के दौरान माहौल बेहद भावुक नजर आया। परिवार के करीबी और समर्थक लगातार श्रद्धांजलि अर्पित करते रहे।
प्रतीक यादव को मुखाग्नि भाजपा नेता अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने दी। वहीं उनकी अर्थी को कंधा देने वालों में शिवपाल यादव के बेटे आदित्य यादव समेत परिवार के कई सदस्य शामिल रहे। अंतिम यात्रा के दौरान “प्रतीक यादव अमर रहें” के नारों के बीच लोगों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी। अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी के साथ-साथ भाजपा के भी कई बड़े नेता श्मशान घाट पर मौजूद रहे।
प्रतीक यादव लंबे समय से सार्वजनिक जीवन से जुड़े रहे और परिवार के साथ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते थे हालांकि वो राजनीति से दूर थे । उनके निधन से परिवार को गहरा आघात पहुंचा है।






