बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। बलिया पहुंचे राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश में दंगे और कर्फ्यू की राजनीति करना चाहते हैं ताकि सत्ता में वापस आकर वो जातिवाद को बढ़ावा दे सकें।
राजभर ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों ने यह साबित कर दिया है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामों पर भरोसा कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में न तो दंगे हुए और न ही कर्फ्यू लगाने की नौबत आई। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान पांच वर्षों में बड़ी संख्या में दंगे हुए और कई लोगों की जान गई। राजभर ने कहा, “अखिलेश चाहते हैं कि प्रदेश में दंगे हों, कर्फ्यू लगे, सत्ता उन्हें मिले और फिर अपनी जाति के लोगों को आगे बढ़ाया जाए।”
इसके साथ ही राजभर ने समाजवादी पार्टी को सामाजिक न्याय के मुद्दे पर भी घेरा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि सपा का कोई भी अति पिछड़ा नेता सामाजिक न्याय समिति की रिपोर्ट लागू करने, 27 प्रतिशत आरक्षण के विभाजन या रोहिणी आयोग की रिपोर्ट लागू करने की खुलकर मांग नहीं कर सकता। राजभर ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी अपने नेताओं को विभिन्न जातियों के खिलाफ बयानबाजी करने के लिए प्रेरित करती है, लेकिन सामाजिक न्याय के वास्तविक मुद्दों पर खुलकर बोलने से बचती है।






