देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सीबीएसई 12वीं परीक्षा में राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली हल्द्वानी की छात्रा अरीना रघुवंशी से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अरीना रघुवंशी की यह उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अरीना को उनके कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन का प्रतिफल मिला है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियों ने समय-समय पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अरीना भविष्य में भी नई ऊंचाइयों को छूते हुए राज्य और देश का नाम रोशन करेगी।
