अपने बेबाक बयानों के लिए हमेशा सुर्खियों में रहने वाले पूर्व भाजपा सांसद और बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह शनिवार को बलरामपुर पहुंचे, यहां एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने आए पूर्व सांसद ने मीडिया से बातचीत के दौरान शस्त्र लाइसेंसों को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्ती पर प्रतिक्रिया दी, जब उनसे यूपी के सभी जिलों से शस्त्र लाइसेंस धारकों का पूरा ब्योरा मांगे जाने पर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अब समय बदल चुका है और लोग खुलेआम असलहा लेकर चलने से दूर हो रहे हैं।
नंदनी स्वीट्स के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे बृजभूषण
पूर्व सांसद बलरामपुर जिले के गैड़ासबुजुर्ग थाना क्षेत्र में स्थित ‘नंदनी स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट’ के भव्य उद्घाटन समारोह में शामिल होने पहुंचे थे, इस दौरान स्थानीय समर्थकों, व्यापार मंडल और क्षेत्रीय लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया, मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने हाईकोर्ट द्वारा शस्त्र लाइसेंसों की जांच पर कहा “यह एक सामान्य प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया है, सरकार या कोर्ट अगर ब्योरा मांग रही है तो किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए, वैसे भी आज के दौर में असलहा लेकर चलता कौन है? लोग अब इस संस्कृति से ऊब चुके हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि एक समय था जब हथियारों को रसूख और प्रभाव का प्रतीक माना जाता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं और खुलेआम हथियार लेकर घूमने का दौर खत्म हो रहा है।
Also Read – ऑटो चलाते फोटो वायरल होने पर ओमप्रकाश राजभर का पलटवार,अखिलेश पर साधा निशाना
पुराने राजनीतिक संघर्षों को किया याद
बातचीत के दौरान बृजभूषण शरण सिंह भावुक भी नजर आए, उन्होंने बलरामपुर, उतरौला और आसपास के क्षेत्रों से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि यहां की जनता का प्यार उन्हें बार-बार इस क्षेत्र में खींच लाता है, उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के कठिन दौर का जिक्र करते हुए कहा “एक समय ऐसा था जब मैं बड़े राजनीतिक संकट से गुजर रहा था, उस दौरान मैंने इसी क्षेत्र की जनता के भरोसे चुनाव लड़ा और मात्र 20 से 22 दिनों की मेहनत में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।” उन्होंने कहा कि उतरौला, गैसड़ी, बलरामपुर और पचपेड़वा की जनता का समर्थन वे जिंदगी भर नहीं भूल सकते।
हाईकोर्ट ने मांगा बाहुबलियों के शस्त्र लाइसेंस का रिकॉर्ड
दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश में बाहुबलियों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को जारी किए गए शस्त्र लाइसेंसों पर सख्त रुख अपनाया है, कोर्ट ने राज्य सरकार और सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है,जानकारी के मुताबिक, कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह, राजा भैया, धनंजय सिंह, सुशील सिंह और विनीत सिंह समेत 19 बाहुबली नेताओं के लाइसेंस का पूरा रिकॉर्ड मांगा है।
कोर्ट ने जताई गंभीर चिंता
इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस विनोद दिवाकर ने शस्त्र लाइसेंस के दुरुपयोग, आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों को लाइसेंस जारी करने और हथियारों के सार्वजनिक प्रदर्शन जैसे मामलों पर गंभीर चिंता जताई है, कोर्ट ने सरकार से पूछा है कि लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया क्या है, किन नियमों के तहत लाइसेंस दिए गए और क्या इनका दुरुपयोग हुआ है, साथ ही कोर्ट ने सभी संबंधित लाइसेंसधारियों के आपराधिक मामलों, सही पते, लाइसेंस की स्थिति और सुरक्षा से जुड़ी जानकारी भी मांगी है। यह आदेश संतकबीर नगर निवासी जयशंकर की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया गया।






