Home Political news ऑटो चलाते फोटो वायरल होने पर ओमप्रकाश राजभर का पलटवार,अखिलेश पर साधा...

ऑटो चलाते फोटो वायरल होने पर ओमप्रकाश राजभर का पलटवार,अखिलेश पर साधा निशाना

58
0

सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की एक पुरानी फोटो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह ऑटो रिक्शा चलाते नजर आ रहे हैं। इस वायरल तस्वीर को लेकर अब राजभर ने लंबी पोस्ट लिखकर अपना पक्ष रखा है और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।

राजभर ने कहा कि उनकी यह तस्वीर उनके संघर्ष, मेहनत और गरीब परिवार से निकले जीवन की पहचान है। उन्होंने लिखा कि कुछ लोग इस फोटो को लेकर उनकी हंसी उड़ा रहे हैं और “औकात” बताने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यही तस्वीर उनका अभिमान, आन-बान और संघर्ष की निशानी है। उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह “चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए” हैं, जबकि उन्होंने गरीबी और संघर्ष के बीच जिंदगी बिताई है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को विरासत में सत्ता, बड़ी गाड़ियां और राजनीतिक ताकत मिली, जबकि उन्होंने गांव-गांव घूमकर अति पिछड़े, दलित और वंचित समाज की लड़ाई लड़ी है।

राजभर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि राजनीति उनके लिए “ट्विटर, एसी और पीसी” तक सीमित नहीं है, बल्कि 45 डिग्री की गर्मी में गांवों की पगडंडियों पर चलकर जनता का दर्द सुनना ही उनकी राजनीति है। उन्होंने कहा कि बचपन से जिम्मेदारियां निभाते हुए कभी ऑटो का हैंडल पकड़ा तो कभी आंदोलन का झंडा उठाया।

सुभासपा प्रमुख ने 2027 विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए दावा किया कि “टेम्पो, रिक्शा, ठेला और खोमचा” चलाने वाले लोग मिलकर एक बार फिर समाजवादी पार्टी को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि गरीबी, भूख, अपमान और संघर्ष को करीब से देखने वाला व्यक्ति सोशल मीडिया के ट्रोल से डरने वाला नहीं है। राजभर ने यह भी कहा कि वह राजनीति सत्ता में पद पाने के लिए नहीं, बल्कि अति पिछड़े समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को ताकत देने के लिए करते हैं।