हमीरपुर में बढ़ते सड़क हादसों के खिलाफ आंदोलन हुआ तेज
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में NH-34 कानपुर-सागर हाईवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर लोगों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। हाईवे को फोरलेन बनाने की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन लगातार उग्र होता जा रहा है। जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन स्वीकार न किए जाने से नाराज तीन आंदोलनकारियों ने विरोध स्वरूप अपना मुंडन कराकर प्रशासन को चेतावनी दी है।

जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी

गुरुवार को विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क सुरक्षा और हाईवे चौड़ीकरण की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि NH-34 कानपुर-सागर हाईवे पर आए दिन हो रहे सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन और सरकार इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने अधिकारियों के विरोध में चूड़ियां फेंककर भी नाराजगी जताई। हालांकि जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन स्वीकार नहीं किए जाने के बाद प्रदर्शनकारी बिना ज्ञापन दिए वापस लौट गए।
मुंडन कर आंदोलनकारियों ने जताया विरोध
ALSO ROAD:नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, योगी सरकार के प्रयास ला रहे रंग
शुक्रवार को आंदोलन ने नया मोड़ ले लिया जब तीन आंदोलनकारियों ने विरोध स्वरूप अपना मुंडन करा लिया। मुंडन कराने वालों में बुंदेलखंड नव निर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय तिवारी एडवोकेट, रमेश यादव एडवोकेट और सुमेरपुर निवासी ऋषभ दीक्षित शामिल हैं।इन आंदोलनकारियों ने अपनी मुंडन कराई हुई तस्वीरें सोशल मीडिया और इंटरनेट पर पोस्ट कर प्रशासन के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि जल्द ही NH-34 को फोरलेन बनाने की मांग पूरी नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
“सामूहिक मुंडन आंदोलन” की चेतावनी

आंदोलनकारी विनय तिवारी ने कहा कि यह आंदोलन लगातार जारी रहेगा और आने वाले समय में सामूहिक मुंडन आंदोलन भी किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन पर जनता की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।उनका कहना है कि कानपुर-सागर हाईवे पर बढ़ते सड़क हादसों से लोग भय के माहौल में जी रहे हैं। ऐसे में हाईवे का फोरलेन निर्माण अब क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत बन चुका है।
NH-34 कानपुर-सागर हाईवे क्यों बना चिंता का विषय?

NH-34 कानपुर-सागर हाईवे पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे स्थानीय लोगों के लिए गंभीर चिंता का कारण बने हुए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि भारी वाहनों का दबाव, खराब सड़क व्यवस्था और संकरी सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह हैं।क्षेत्रीय संगठनों का मानना है कि यदि हाईवे को जल्द फोरलेन नहीं बनाया गया, तो हादसों की संख्या और बढ़ सकती है।






