देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी होने के बाद सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि सरकार जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ा रही है। उन्होंने लिखा कि पेट्रोल-डीजल के दाम “किश्तों में” बढ़ाए जा रहे हैं ताकि लोगों की जेब पर धीरे-धीरे असर पड़े।
राहुल गांधी ने कहा “महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला। पेट्रोल-डीज़ल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे।” उन्होंने आगे कहा कि वह पिछले कई महीनों से आर्थिक संकट और महंगाई बढ़ने की आशंका जता रहे थे, लेकिन सरकार चुनावों में व्यस्त रही। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ₹8 तक की बढ़ोतरी कर दी गई।
कांग्रेस नेता ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, “महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है – चुनाव में वादे और बाकी समय जनता की जेब पर वार।” पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद आम जनता पर महंगाई का असर और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। विपक्ष लगातार इसे लेकर सरकार को घेरने में जुटा हुआ है।






