मुख्यमंत्री ने लिया आपदा का संज्ञान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अति वर्षा, तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि, पशुहानि और आर्थिक नुकसान पर मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने गंभीर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने हादसों में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
24 घंटे में मुआवजा देने के निर्देश
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित परिवारों को राहत राशि और मुआवजा 24 घंटे के भीतर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनहानि, पशुहानि और फसल सहित अन्य आर्थिक नुकसान का तत्काल आंकलन कर राहत कार्य तेजी से पूरा किया जाए।
अधिकारियों को फील्ड में उतरने का आदेश
मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर जाकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कहा है कि प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखें और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
प्रदेश सरकार ने संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बारिश और आंधी से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और सड़क जैसी आवश्यक सेवाओं को जल्द बहाल करने के भी आदेश दिए गए हैं।
किसानों और पशुपालकों को भी मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने फसलों और पशुधन को हुए नुकसान का भी विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से प्रभावित किसानों और पशुपालकों को नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।






