मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह और भोजपुरी गायक गुंजन सिंह को गोपालगंज की एमपी-एमएलए कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। अदालत ने दोनों की तत्काल गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 जून की तारीख निर्धारित की है।एमपी-एमएलए कोर्ट के न्यायाधीश राजेंद्र कुमार पांडेय ने अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए यह अंतरिम राहत दी।
Also Read-सरकारी बंगला खाली करने से राबड़ी देवी का इनकार, बोलीं- “फोर्स बुलाकर खाली करा दीजिए”
अनंत सिंह के अधिवक्ता राजेश पांडेय ने बताया कि पुलिस अदालत में फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पेश नहीं कर सकी, जिसके चलते सरकारी पक्ष ने सुनवाई के लिए अतिरिक्त समय मांगा।सुनवाई के दौरान इस मामले को बिहार सीआईडी को सौंपे जाने का मुद्दा भी उठा। जानकारी के अनुसार गोपालगंज पुलिस इस केस से संबंधित सभी दस्तावेज और फाइलें सीआईडी को हस्तांतरित कर चुकी है। अब मामले की अगली सुनवाई 5 जून को होगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।यह मामला गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमरांव गांव का है, जहां 2 और 3 मई को जनेऊ संस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
इसी दौरान सोशल मीडिया पर कुछ लोगों द्वारा हथियार लहराने का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने अनंत सिंह, गुंजन सिंह समेत नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कोर्ट द्वारा गिरफ्तारी पर रोक लगाए जाने से अनंत सिंह और गुंजन सिंह को अस्थायी राहत मिली है, जबकि मामले की आगे की दिशा अब 5 जून को होने वाली सुनवाई पर निर्भर करेगी।






