गाजियाबाद। सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को गाजियाबाद पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि फरार चल रहा असद अपने एक परिचित से पैसे लेने के लिए खोड़ा क्षेत्र आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया।
पुलिस का दावा है कि रुकने का इशारा किए जाने पर असद ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में असद घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसका एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस अभियान चला रही है।
सूत्रों के मुताबिक, असद शहर छोड़कर भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे इंदिरापुरम क्षेत्र में घेर लिया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। वहीं, सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि असद और उसके साथियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस तरह उनके बेटे की हत्या की गई, आरोपियों को भी वैसी ही सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें असद के मारे जाने की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच जारी है।






