लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हाल के दिनों में सामने आई आपराधिक घटनाओं के बीच पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। रविवार तड़के शहर के अलग-अलग इलाकों में हुई दो पुलिस मुठभेड़ों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, हालिया चर्चित हत्याकांडों और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर कानून-व्यवस्था की समीक्षा की और कड़े निर्देश जारी किए।
विकासनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने महिला से छेड़खानी और हत्या के प्रयास के आरोपी सनी यादव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की तलाश लंबे समय से की जा रही थी। रविवार भोर में पुलिस को उसकी लोकेशन मिलने पर घेराबंदी की गई। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान विकासनगर थानाध्यक्ष की सरकारी जीप पर भी गोली लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।
उधर, कृष्णानगर क्षेत्र में भी देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक दिखाई दी। रोकने का प्रयास करने पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों, रोहन उर्फ गुड्डू और साहिल, के पैरों में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में दोनों आरोपियों ने हाल ही में हुई चेन स्नैचिंग और एक सिगरेट कंपनी के सेल्समैन से लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उनके पास से एक महिला से लूटी गई सोने की चेन, सेल्समैन से छीनी गई सिगरेट, दो तमंचे, कारतूस और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, विभूतिखंड क्षेत्र में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता शिवम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस प्रशासन पर भी कार्रवाई की गई है। मामले में लापरवाही और कानून-व्यवस्था को लेकर उठे सवालों के बीच एसीपी विभूतिखंड विनय द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह को उनके पदों से हटा दिया गया है।
राज्य में हाल के दिनों में हुई सनसनीखेज वारदातों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विशेष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में डीजीपी, एडीजी लॉ एंड ऑर्डर, सभी जोनल एडीजी, रेंज आईजी, डीआईजी, पुलिस कमिश्नर और संबंधित जिलों के अधिकारी शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने पीलीभीत में व्यापारी की हत्या, बागपत में चर्चित हत्याकांड और अन्य गंभीर घटनाओं पर नाराजगी जताते हुए अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी सहित सभी संवेदनशील जिलों के अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने को कहा। बताया जा रहा है कि बीते दस दिनों में पुलिस अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की यह चौथी समीक्षा बैठक थी, जो राज्य सरकार की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।






