Home Crime खोड़ा में छात्र सूर्या हत्याकांड का खुलासा, दोस्ती टूटने के बाद रची...

खोड़ा में छात्र सूर्या हत्याकांड का खुलासा, दोस्ती टूटने के बाद रची गई थी हत्या की साजिश; मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर

48
0

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार इलाके में बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या की चाकू मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस जांच में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस के अनुसार, वारदात पुरानी रंजिश और विवाद का परिणाम थी। घटना के दो दिन के भीतर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी असद को मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि उसके पिता नवाब समेत कई अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कक्षा 11 में पढ़ने वाला सूर्या और आरोपी असद पहले अच्छे दोस्त थे। हालांकि करीब आठ महीने पहले दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद उनकी दोस्ती खत्म हो गई थी। इसके बावजूद दोनों के बीच तनाव बना हुआ था।

मामले में गिरफ्तार आरोपी फरहान ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी दोस्ती असद, अतीक, सारिक मेवाती और सूर्या से थी। 28 मई को बाइक चलाने को लेकर असद और सूर्या के बीच कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद असद ने अपने पिता नवाब और अन्य साथियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद सूर्या को सबक सिखाने की योजना बनाई गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने योजना के तहत सूर्या को नवनीत विहार इलाके में घेर लिया। पूछताछ में फरहान ने बताया कि उसने असद को चाकू उपलब्ध कराया था। आरोप है कि मौके पर मौजूद नवाब ने अपने बेटे और साथियों को उकसाते हुए सूर्या को खत्म करने के लिए कहा। इसके बाद असद ने सूर्या पर लगातार चाकू से हमला कर दिया।

जांच में सामने आया कि असद ने सूर्या के पेट में कई बार चाकू मारे। गंभीर रूप से घायल सूर्या अपनी जान बचाने के लिए भागने का प्रयास करता रहा, लेकिन कुछ दूरी पर जाकर गिर पड़ा। आरोपी उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में गंभीर हालत में सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कई आरोपी सूर्या को घेरते हुए दिखाई दिए, जिसके आधार पर पुलिस ने एक-एक कर सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, जबकि उसके पिता नवाब, फरहान, आतिफ, सारिक मेवाती और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इस सनसनीखेज हत्या के बाद इलाके में भारी आक्रोश देखा गया। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। रविवार को बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंच गए और अपना विरोध दर्ज कराया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जा रहा है।