खान सर कोचिंग मामला: रोशन आनंद सहित 3 गिरफ्तार, शिक्षा मंत्री बोले- 3 महीने में बनेगी कोचिंग पॉलिसी
पटना में कोचिंग संस्थानों के बीच चल रहे विवाद ने अब बड़ा रूप ले लिया है, खान सर के कोचिंग संस्थान पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार (03 जून, 2026) को ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
तीन लोगों की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए लोगों में रोशन आनंद के अलावा गौरव और अभिषेक शामिल हैं, ये सभी ज्ञान बिंदु कोचिंग संस्थान से जुड़े बताए जा रहे हैं, मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस पूरे मामले में कन्हैया सिंह ने पटना के कदमकुआं थाने में एफआईआर दर्ज कराई है, शिकायत में चार लोगों को नामजद और 15 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है, पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में दारोगा भर्ती परीक्षा का रिजल्ट जारी हुआ था, खान सर के कोचिंग संस्थान का दावा है कि उनके यहां से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सफल हुए हैं, इसी को लेकर दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच तनाव और मनमुटाव की स्थिति बनी हुई थी, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
शिक्षा मंत्री का बड़ा बयान
इस मामले पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राज्य सरकार कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा को हिंसा में बदलने से रोकने के लिए नई नीति लाएगी, उन्होंने कहा कि अगले तीन महीने के भीतर कोचिंग पॉलिसी तैयार की जाएगी, जिसमें सभी हितधारकों की राय ली जाएगी, मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पॉलिसी लागू होने के बाद इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्रों के हंगामे पर सरकार सख्त
मंत्री ने यह भी कहा कि हाल ही में खान सर कोचिंग के बाहर छात्रों द्वारा किए गए हंगामे पर सरकार की नजर है, उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या ‘नेता बनने की कोशिश’ नहीं करनी चाहिए।
इस घटना पर बीजेपी विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि कोचिंग संस्थानों के बीच प्रतिस्पर्धा सामान्य बात है, लेकिन इसे हिंसा में बदलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में देशभर से छात्र पढ़ाई के लिए आते हैं, ऐसे में शांति बनाए रखना बेहद जरूरी है, उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पटना का यह कोचिंग विवाद अब प्रशासन और सरकार के लिए बड़ी चुनौती बन गया है, जहां एक ओर पुलिस जांच तेज है, वहीं दूसरी ओर सरकार नई कोचिंग पॉलिसी बनाने की तैयारी में है, आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।






