देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस वर्ष यात्रा ने नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 30 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं, जबकि प्रदेश के अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन जारी है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिली है। व्यापारी, टैक्सी संचालक, होटल व्यवसायी और पर्यटन से जुड़े अन्य लोगों में उत्साह का माहौल है। यात्रा के कारण रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं और स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। राज्य सरकार लगातार यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रही है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार का प्रयास है कि सभी यात्री बिना किसी बाधा के अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। प्रशासनिक स्तर पर भी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहे।






