देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा खराब मौसम के कारण स्थगित हो गया। राहुल गांधी अल्मोड़ा में आयोजित कांग्रेस की जनसभा को संबोधित करने वाले थे, लेकिन मौसम प्रतिकूल होने के चलते उनका हेलीकॉप्टर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं पहुंच सका। इसके बाद उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं व समर्थकों से संवाद किया।
राहुल गांधी के कार्यक्रम में बदलाव के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन ने कहा कि राहुल गांधी की उत्तराखंड आने की कोई विशेष इच्छा नहीं थी और कांग्रेस नेताओं के आग्रह पर ही उन्होंने कार्यक्रम बनाया था।
कमलेश रमन ने कहा कि उत्तराखंड की देवभूमि के देवी-देवताओं की भी शायद यही इच्छा नहीं थी कि राहुल गांधी यहां आएं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इसे मौसम की मार कहें या फिर राहुल गांधी की इच्छाशक्ति की कमी, लेकिन वह उत्तराखंड नहीं पहुंच सके और उन्हें वापस दिल्ली लौटना पड़ा।
भाजपा के इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की ओर से फिलहाल भाजपा के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं राजनीतिक गलियारों में राहुल गांधी के रद्द हुए दौरे और भाजपा की टिप्पणी को लेकर चर्चा जारी है।






