सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एक बार फिर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। आगामी चुनावों के मद्देनजर तेज होती राजनीतिक बयानबाजी के बीच राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक लंबी पोस्ट साझा कर सपा और उसके PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) अभियान को निशाने पर लिया।
राजभर ने आरोप लगाया कि पिछले एक वर्ष में राजभर समाज के लोगों की हत्या की कई घटनाओं में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों या PDA वर्ग के लोगों के नाम सामने आए हैं। उन्होंने श्रावस्ती, जौनपुर, महराजगंज, बाराबंकी, देवरिया और मऊ में हुई हत्या की घटनाओं का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इन मामलों में यादव और मुस्लिम समुदाय के आरोपियों के नाम सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव PDA की राजनीति करते हैं, लेकिन राजभर समाज के लोगों पर होने वाले अत्याचारों पर चुप्पी साध लेते हैं।
सुभासपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में अखिलेश यादव पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह चुनिंदा मुद्दों पर ही मुखर होते हैं, जबकि राजभर समाज के पीड़ितों के लिए आवाज नहीं उठाते। राजभर ने यह भी कहा कि वह आगे भी ऐसे मामलों को जनता के सामने लाते रहेंगे और सपा के कथित “कच्चे-चिट्ठे” खोलते रहेंगे।






