मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के हित में बड़ा फैसला लिया है। भर्ती परीक्षा के लिए विभिन्न जिलों में यात्रा करने वाले अभ्यर्थियों को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में किराये पर 50 प्रतिशत की छूट प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उनके प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) के आधार पर यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक कारणों से किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो।
प्रदेश सरकार के इस निर्णय से लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें परीक्षा के लिए अपने गृह जनपद से दूसरे जिलों में जाना पड़ता है। मुख्यमंत्री ने परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और सुचारु आयोजन के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।






