निकाह के 5 घंटे बाद ही हुआ तलाक, बिना दुल्हन लौट गई बारात
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां निकाह के महज पांच घंटे बाद ही दूल्हा-दुल्हन का तलाक हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से रिश्ता खत्म करने का फैसला कर लिया, जानकारी के अनुसार, फतेहपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती का निकाह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के सद्दीपुर पट्टी निवासी युवक से तय हुआ था, शुक्रवार को बारात पहुंची और सभी रस्मों के बाद निकाह संपन्न कराया गया। हालांकि, निकाह के दौरान मेहर अदायगी को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया।
मेहर को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि मेहर से जुड़ी बातों को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई। इसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया, मामला बढ़ने पर स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया, लड़की पक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ बाराती शराब के नशे में थे और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे वहीं, देर रात तक समझौते की कोशिशें चलती रहीं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
दुल्हन ने जाने से किया इनकार
विवाद के बीच दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया, इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से निकाह समाप्त करने का फैसला लिया और तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, निकाह के करीब पांच घंटे बाद ही रिश्ता खत्म हो गया और दूल्हा बिना दुल्हन के बारात लेकर वापस लौट गया, इस घटना की पूरे इलाके में चर्चा हो रही है, शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मायूसी में बदल गईं और दोनों परिवारों में निराशा का माहौल है।






