लालू यादव ने सुरक्षा में कटौती पर जताई नाराजगी, बोले- “सब पागल हो गए हैं”
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए लालू यादव ने सरकार पर निशाना साधा और कहा, “ये सब पागल हो गए हैं। यह घृणा की राजनीति है। हमें इसकी कोई परवाह नहीं है, जो करना है वो करो,” हाल ही में नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए सिंगापुर गए लालू यादव भारत लौट आए हैं, दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्रकारों ने उनसे सुरक्षा में कटौती और सरकारी आवास खाली करने के नोटिस को लेकर सवाल किया, जिस पर उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की।
7 दिन में खाली करेंगे आवास
लालू यादव की बेटी और आरजेडी सांसद मीसा भारती ने कहा कि परिवार को मिले नोटिस का पालन करते हुए वे 7 दिनों के भीतर सरकारी आवास खाली कर देंगे, उन्होंने कहा, “शायद बिहार सरकार को लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के सुरक्षाकर्मियों की कहीं और ज्यादा जरूरत थी, इसलिए उनकी सुरक्षा कम कर दी गई है।”
मीसा भारती ने कहा कि लालू यादव और राबड़ी देवी को सरकारी सुरक्षा की जरूरत नहीं है क्योंकि वे बिहार की जनता के दिलों में बसते हैं, उन्होंने कहा, “जनता उनकी सुरक्षा खुद करेगी, हमें एक भी सुरक्षाकर्मी नहीं चाहिए, मुझे जो तीन सुरक्षाकर्मी मिले हैं, उन्हें भी मैं वापस कर रही हूं।”
नीट पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया
मीसा भारती ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए नीट पेपर लीक मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य से जुड़े मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती, लेकिन विपक्षी नेताओं की सुरक्षा हटाने जैसे फैसले लिए जाते हैं।
मनोज झा ने भी साधा निशाना
आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा ने भी सुरक्षा हटाने के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने लंबे समय तक राज्य और देश की सेवा की है, उनकी सुरक्षा कम करना राजनीतिक दुर्भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि जनता अपने नेताओं की सुरक्षा करना जानती है फिलहाल, सुरक्षा में कटौती और आवास खाली करने के नोटिस को लेकर बिहार की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।






