उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि दोनों दल अब सत्ता तो दूर, विपक्ष में बैठने के भी लायक नहीं बचे हैं। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे पर भी तंज कसते हुए इसे “परिवार डेवलपमेंट एजेंसी” बताया, रविवार को फिरोजाबाद में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मौर्य ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार सनातन संस्कृति और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार काम कर रही हैं।
राम मंदिर और काशी कॉरिडोर का किया जिक्र
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय विपक्ष सवाल उठाता था कि अयोध्या में राम मंदिर कब बनेगा, लेकिन आज वहां भव्य मंदिर बन चुका है, उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अब बड़ी संख्या में श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकते हैं, उन्होंने ज्ञानवापी और कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि ये मामले फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन हैं और सरकार कानून के दायरे में अपना पक्ष रख रही है।
राहुल गांधी पर साधा निशाना
कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए मौर्य ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल रही है, उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल नकारात्मक राजनीति कर रहा है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ रही है, केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को बड़ा नुकसान होगा और जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी, उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सपा की नीतियों से परिचित है और उस पर दोबारा विश्वास नहीं करेगी।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी साधा निशाना
कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी विपक्षी दलों पर हमला बोला, उन्होंने दावा किया कि आने वाले वर्षों में विपक्षी गठबंधन कमजोर होगा और जनता भाजपा के विकास कार्यों को समर्थन देती रहेगी, राजनीतिक बयानबाजी के बीच उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर माहौल धीरे-धीरे गर्म होने लगा है।






