गोरखपुर में मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुआ एक पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। ब्रह्मभोज के खर्च और संपत्ति को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मामला गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगलधूषण स्थित रेतवहिया गांव का है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी कोमल के दो बेटों, शुभम और दुर्विजय, के बीच मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के खर्च को लेकर कहासुनी शुरू हुई। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पहले से संपत्ति को लेकर भी विवाद चल रहा था। ब्रह्मभोज के दौरान शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर बड़े भाई दुर्विजय ने अपने छोटे भाई शुभम को गोली मार दी। गोली सीने में लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पिपराइच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि ब्रह्मभोज के दौरान महिलाओं के बीच हुए विवाद के बाद मामला बढ़ गया था। इसी बात को लेकर एक भाई ने दूसरे भाई को गोली मार दी। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मां के ब्रह्मभोज जैसे धार्मिक आयोजन के दौरान सगे भाइयों के बीच हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक विवाद किस तरह खूनी अंजाम तक पहुंच सकता है, यह घटना उसकी दर्दनाक मिसाल बन गई है।






