Home Political news योगी सरकार का नया मॉडल! वृद्धाश्रम बने स्वाभिमान के केंद्र, बुजुर्ग रच...

योगी सरकार का नया मॉडल! वृद्धाश्रम बने स्वाभिमान के केंद्र, बुजुर्ग रच रहे आत्मनिर्भरता की मिसाल

48
0

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल से वृद्धाश्रमों की तस्वीर तेजी से बदल रही है। अब ये केंद्र सिर्फ बेसहारा और निराश्रित बुजुर्गों के रहने की जगह नहीं रह गए हैं, बल्कि सम्मान, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बनकर उभर रहे हैं। इसकी सबसे प्रेरणादायक मिसाल औरैया जिले का वृद्धाश्रम है, जहां उम्र के अंतिम पड़ाव पर पहुंचे बुजुर्ग अपने अनुभव और हुनर के दम पर स्वावलंबन की नई इबारत लिख रहे हैं।

ALSO READ बीएचयू में निर्माणाधीन ‘नेशनल सेंटर फॉर एजिंग’ का सीएम योगी ने किया स्थलीय निरीक्षण

महिलाएं बना रहीं पूजा सामग्री, गुलाब जल और मुंगौड़ी

औरैया वृद्धाश्रम में गठित “आराध्या वृद्ध महिला स्वयं सहायता समूह” से जुड़ी माताएं पूजा सामग्री, गुलाब जल और मुंगौड़ी जैसे उत्पाद तैयार कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। जिस उम्र में अक्सर लोग खुद को समाज से कटता हुआ महसूस करते हैं, उसी दौर में ये महिलाएं मेहनत और आत्मविश्वास के साथ दूसरों के लिए प्रेरणा बन रही हैं।

गोसेवा और ऑर्गेनिक खेती से पुरुष समूह दे रहा मिसाल

वहीं वृद्ध पुरुष स्वयं सहायता समूह के सदस्य गोसेवा और प्राकृतिक खेती के माध्यम से नई पहचान बना रहे हैं। जैविक खेती को बढ़ावा देते हुए वे न सिर्फ उपयोगी उत्पाद तैयार कर रहे हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश भी समाज तक पहुंचा रहे हैं।

प्रदेश के 75 जिलों में 6316 बुजुर्गों को मिल रहा सहारा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में समाज कल्याण विभाग का उद्देश्य केवल आश्रय देना नहीं, बल्कि बुजुर्गों को सम्मानजनक और सक्रिय जीवन प्रदान करना है। प्रदेश के 75 जिलों में संचालित वृद्धाश्रमों में 6316 बुजुर्गों को सुरक्षित आवास, पौष्टिक भोजन, वस्त्र, नियमित स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही योग, भजन-कीर्तन, मनोरंजन और सामूहिक गतिविधियों के जरिए उन्हें मानसिक रूप से भी सक्रिय रखा जा रहा है।

उपेक्षा से सम्मान तक का सफर

समाज कल्याण विभाग के प्रयासों का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। जो बुजुर्ग कभी अकेलेपन और उपेक्षा का दर्द झेल रहे थे, वे आज आत्मसम्मान और आत्मविश्वास के साथ समाज के सामने प्रेरणास्रोत बनकर खड़े हैं।

औरैया मॉडल बना नई सोच की मिसाल

योगी सरकार की यह पहल केवल सुविधाएं देने तक सीमित नहीं है, बल्कि बुजुर्गों के जीवन में उम्मीद, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संचार भी कर रही है। औरैया का मॉडल इस बात का प्रमाण है कि सही अवसर और प्रोत्साहन मिलने पर बुजुर्ग भी समाज और विकास की मुख्यधारा में अहम भूमिका निभा सकते हैं। यही वजह है कि प्रदेश सरकार समय-समय पर वृद्धाश्रमों की व्यवस्थाओं की समीक्षा कर उन्हें और बेहतर बनाने पर लगातार जोर दे रही है।