Home Crime 17 साल से फरार 25 हजार का इनामी बांग्लादेशी गिरफ्तार, एटीएस और...

17 साल से फरार 25 हजार का इनामी बांग्लादेशी गिरफ्तार, एटीएस और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

70
0

सहारनपुर में उत्तर प्रदेश एटीएस और थाना चिलकाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 वर्षों से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बांग्लादेशी नागरिक ज़ाहिद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वर्ष 2009 से पुलिस और न्यायालय से बचता फिर रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से बांग्लादेशी पहचान पत्र, फर्जी आधार कार्ड समेत कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि वर्ष 2009 में अभिसूचना इकाई के तत्कालीन उपनिरीक्षक इन्द्रपाल सिंह की तहरीर पर थाना कुतुबशेर में विदेशी अधिनियम की धारा 14 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया था कि छह बांग्लादेशी नागरिक बिना वैध पासपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के अवैध रूप से भारत में प्रवेश कर विभिन्न स्थानों पर काम कर रहे थे।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी। मामले में शामिल तीन आरोपियों को न्यायालय द्वारा सजा सुनाई जा चुकी है, जबकि आरोपी ज़ाहिद पुत्र अहमद फकीर उर्फ डल्लू जमानत मिलने के बाद फरार हो गया था। इसके बाद वह लगातार न्यायालय में पेश नहीं हुआ और पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा।

एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर दिया गया था। पुलिस और एटीएस की संयुक्त टीम ने आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, फरारी के दौरान आरोपी अलग-अलग राज्यों में अपनी पहचान बदलकर रह रहा था। उससे बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के नेटवर्क और उसके संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।