गोरखपुर, 13 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बड़हलगंज के गांधी इंटर कॉलेज, महुआपार में 295 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 319 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने चिल्लूपार क्षेत्र के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं और विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय चिल्लूपार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता था, लेकिन अब हालात बदल चुके हैं। आने वाले समय में यहां उद्योगों और निवेश के इतने अवसर होंगे कि विदेशी लोग भी यहां आकर काम करेंगे।
उन्होंने बताया कि धुरियापार में बंद पड़ी चीनी मिल की जमीन पर पहले ही सीएनजी और एथेनॉल प्लांट स्थापित किया जा चुका है, जबकि अब यहां सीमेंट फैक्ट्री, पावर प्लांट, आधुनिक पेंट उद्योग और अत्याधुनिक डिस्टलरी की स्थापना की तैयारी चल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित ग्रेटर गीडा के लिए अभी से हजारों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी ही विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। चिल्लूपार क्षेत्र अब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लिंक, गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़ चुका है। इससे क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और निवेश के नए अवसर पैदा होंगे।
विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में नौकरियों में भ्रष्टाचार, ठेका-पट्टों को लेकर मारपीट और भाई-भतीजावाद का माहौल था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “जब विधायक ही ठेका-पट्टा करेगा तो हालात क्या होंगे, यह बताने की जरूरत नहीं है।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के चलते गोरखपुर जिले के 800 से अधिक युवाओं का चयन पुलिस विभाग में हुआ है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं, जबकि पहले चाचा-भतीजे की राजनीति युवाओं के हक पर डाका डालती थी।
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छी सरकार और सही नेतृत्व के कारण ही देश और प्रदेश में विकास, सुरक्षा और आस्था का सम्मान संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि चिल्लूपार क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज, आयुष संस्थान, उद्योग और आधुनिक बुनियादी ढांचे के जरिए विकास की नई कहानी लिखी जा रही है।






