अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार, एक परिवार अपनी बहन का इलाज कराकर मनोना धाम से चंडीगढ़ लौट रहा था। हसनपुर थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर उनकी मैजिक गाड़ी के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और मैजिक सड़क पर पलट गई।
मैजिक पलटने के बाद उसमें सवार लोग घायल हो गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए राहगीर और अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक कार और उसके बाद एक टेंपो ट्रैवलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी। देखते ही देखते कई वाहन आपस में भिड़ गए और एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहत-बचाव टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह मैजिक वाहन का अनियंत्रित होकर पलटना और उसके बाद पीछे से आ रहे वाहनों की टक्कर सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।






