Home Political news पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा पर राम मंदिर मे चढ़ावा चोरी...

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने सपा पर राम मंदिर मे चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर साधा निशाना

42
0

कन्नौज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कन्नौज कलेक्ट्रेट परिसर में तीन दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े स्टॉल लगाए गए हैं, जहां आम जनता को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व भाजपा सांसद सुब्रत पाठक ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा।

राम मंदिर चोरी प्रकरण को लेकर पूछे गए सवाल पर सुब्रत पाठक ने कहा कि मामले में सामने आए टिन्नू यादव का संबंध पहले समाजवादी पार्टी से रहा है। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ कई और तथ्य सामने आ सकते हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जांच में कई बड़े नामों के सामने आने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। अखिलेश यादव द्वारा साधु-संतों को परेशान किए जाने संबंधी दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि जब तक किसी का नाम सामने नहीं आया था, तब तक अलग तरह की बातें की जा रही थीं, लेकिन जैसे ही एक आरोपी का नाम सामने आया, साधु-संतों को परेशान करने का मुद्दा उठाया जाने लगा।

सुब्रत पाठक ने समाजवादी पार्टी द्वारा एसआईटी जांच पर उठाए जा रहे सवालों पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी की निष्पक्षता पर बिना किसी ठोस आधार के सवाल उठाना उचित नहीं है। संविधान और कानून व्यवस्था की बात करने वालों को जांच प्रक्रिया पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनहित और विकास के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और केंद्र सरकार के 12 वर्षों में देश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।