Home Breaking News देवरिया के शिवानंद चौरसिया के निधन पर राहुल गांधी ने परिजनों से...

देवरिया के शिवानंद चौरसिया के निधन पर राहुल गांधी ने परिजनों से की बात, बंधाया ढांढस

35
0

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सुरौली गांव निवासी शिवानंद चौरसिया की ओमान के पास स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में हुए एक अमेरिकी सैन्य हमले में मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। गुरुवार को भी शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का सिलसिला जारी रहा। इसी क्रम में कांग्रेस नेताओं ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। देवरिया जिले के सुरौली थाना क्षेत्र के सुरौली गांव में उस समय मातम छा गया जब शिवानंद चौरसिया का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।

शिवानंद की मौत की खबर के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा दुख और आक्रोश देखा जा रहा है।  युवा कांग्रेस के नेता प्रियेश पांडे गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मोबाइल फोन के माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की मृतक के भाई रामप्रवेश चौरसिया से बातचीत कराई। राहुल गांधी ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है। मृतक के भाई रामप्रवेश चौरसिया ने बताया कि शिवानंद ओमान में एक जहाज पर कार्यरत थे। इसी दौरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज क्षेत्र में हुए अमेरिकी हमले में मिसाइल गिरने से उनकी मौत हो गई। उन्होंने राहुल गांधी से मांग की कि मृतक की पत्नी को नौकरी दी जाए, बच्चों की शिक्षा की व्यवस्था की जाए और परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

राहुल गांधी ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि वह इस मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर पत्राचार कर परिवार को न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। वहीं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने भी शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।