लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। पश्चिम बंगाल से आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री देशभर के पात्र किसानों के खातों में डीबीटी के माध्यम से सहायता राशि हस्तांतरित करेंगे। इस किस्त से उत्तर प्रदेश के 2.17 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिलेगा, जिनके खातों में कुल 4352.40 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन बराबर किस्तों में प्रदान की जाती है। योजना की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है।
उत्तर प्रदेश के किसानों को अब तक 22 किस्तों के माध्यम से 99,032.58 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। आज 23वीं किस्त जारी होने के बाद यह आंकड़ा बढ़कर 1,03,391.24 करोड़ रुपये हो जाएगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 24 फरवरी 2019 को गोरखपुर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी। इससे पहले मार्च 2026 में असम से किसानों के खातों में सम्मान निधि की पिछली किस्त जारी की गई थी।
वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज झांसी स्थित रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किसानों के बीच मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही यूपीएग्रीज परियोजना के खरीफ संस्करण का भी शुभारंभ करेंगे।
प्रदेश सरकार के अनुसार, किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के उद्देश्य से केंद्र और राज्य सरकार लगातार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक सहायता और तकनीकी सहयोग उपलब्ध करा रही हैं।






