Home Uttar Pradesh ललितपुर में आज सीएम योगी करेंगे 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

ललितपुर में आज सीएम योगी करेंगे 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

51
0

ललितपुर। बुंदेलखंड के विकास को नई रफ्तार देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ललितपुर में ₹1,766 करोड़ की लागत से निर्मित राजकीय मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे। इसके साथ ही जनपद में विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी कुल 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा।

श्री तुवन मंदिर मैदान में आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 11:30 बजे किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के शामिल होने की संभावना है।

राजकीय मेडिकल कॉलेज के शुरू होने से ललितपुर सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जनपद के समग्र विकास को नई दिशा देंगे। इन परियोजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना और जनसुविधाओं को और मजबूत करने का लक्ष्य है।

कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा करेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। राजकीय मेडिकल कॉलेज और विकास परियोजनाओं की सौगात को ललितपुर के विकास के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।