Home Uncategorized योग दिवस पर लखनऊ से स्वस्थ जीवन का संदेश, ब्रजेश पाठक ने...

योग दिवस पर लखनऊ से स्वस्थ जीवन का संदेश, ब्रजेश पाठक ने किया योगाभ्यास

51
0

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के ऐतिहासिक रेजिडेंसी पार्क में वृहद योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, लखनऊ के जिलाधिकारी समेत बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया।

इस अवसर पर योग प्रशिक्षक विवेक चौहान ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा भी प्रदान करता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि “योग केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।” उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग है, जो तन और मन के बीच सामंजस्य स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। डिप्टी सीएम ने बताया कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को भी सुना गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया भारत की इस अमूल्य परंपरा को अपना रही है।

ब्रजेश पाठक ने लोगों से आह्वान किया कि वे स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति में आत्मचेतना जागृत होती है और वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक सशक्त बनता है।