पंजाब विधानसभा चुनाव में 45 सीटों पर उतरेगी JDU, नीतीश कुमार के फैसले से बढ़ी राजनीतिक हलचल
बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल (यूनाइटेड) के प्रमुख नेता नीतीश कुमार ने पंजाब की राजनीति में बड़ा दांव खेलते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के दमदार प्रवेश का संकेत दिया है, जेडीयू ने ऐलान किया है कि वह पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, इस घोषणा के बाद राज्य की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
पार्टी का मानना है कि पंजाब में संगठन का विस्तार और नीतीश कुमार की छवि के दम पर वह चुनाव में मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकती है, जेडीयू की एंट्री से राज्य में पहले से सक्रिय आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी की चुनावी रणनीतियों पर भी असर पड़ सकता है।
45 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
पंजाब जेडीयू अध्यक्ष मालवेंद्र सिंह बेनीपाल ने जानकारी दी कि पार्टी अकेले चुनाव लड़ने की रणनीति पर काम कर रही है, उन्होंने कहा कि चुनाव अभियान का केंद्र नीतीश कुमार का नेतृत्व और उनकी राजनीतिक छवि होगी, बेनीपाल के मुताबिक, पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी शुरू कर चुकी है और जल्द ही संभावित उम्मीदवारों तथा चुनावी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
पंजाब और बिहार के रिश्तों का किया जिक्र
मालवेंद्र सिंह बेनीपाल ने कहा कि पंजाब और बिहार के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध रहे हैं, उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के 350वें प्रकाश पर्व के आयोजन का उल्लेख करते हुए दावा किया कि पंजाब के सिख समुदाय में नीतीश कुमार के प्रति सम्मान और विश्वास का माहौल है, इसी आधार पर पार्टी राज्य में अपना जनाधार बढ़ाने की कोशिश करेगी।
समय से पहले चुनाव की चर्चाओं के बीच तेज हुई तैयारी
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पंजाब विधानसभा चुनाव तय समय फरवरी 2027 के बजाय नवंबर 2026 में भी कराए जा सकते हैं हालांकि, चुनाव कार्यक्रम को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, संभावित जल्द चुनाव की अटकलों के बीच आम आदमी पार्टी, कांग्रेस और बीजेपी पहले ही अपनी तैयारियां तेज कर चुकी हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान भी चुनावी अभियान में सक्रिय हो गए हैं, अब जेडीयू की एंट्री ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
जेडीयू का पंजाब में कितना प्रभाव पड़ेगा, यह चुनावी नतीजों के बाद ही स्पष्ट होगा, हालांकि, 45 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के फैसले ने यह संकेत जरूर दे दिया है कि पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपना विस्तार करने की रणनीति पर काम कर रही है, आने वाले महीनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जेडीयू पंजाब की राजनीति में कितना प्रभाव छोड़ पाती है और अन्य दल इसकी चुनौती का सामना कैसे करते हैं।






