Home Breaking News नोएडा में खुले नाले ने ली 28 वर्षीय युवक की जान, प्राधिकरण...

नोएडा में खुले नाले ने ली 28 वर्षीय युवक की जान, प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे सवाल

19
0

नोएडा में तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की है, जहां फैक्ट्री में काम करने जा रहे युवक आर्यन खुले और असुरक्षित नाले में गिर गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, फर्रुखाबाद निवासी आर्यन नोएडा के सेक्टर-22 स्थित चौड़ा गांव में रहकर काम करते थे। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे वह सेक्टर-58 स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। लगातार बारिश के कारण सड़क पर जलभराव था, जिससे रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान वह नाले के ऊपर रखी कंक्रीट की स्लैब से गुजरने लगे, लेकिन स्लैब ढीली होने के कारण अचानक पलट गई और आर्यन सीधे गहरे नाले में जा गिरे।

आर्यन के साथ मौजूद उनके दोस्त शिवम और आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें नाले से बाहर निकाला। मौके पर सीपीआर देकर उनकी जान बचाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि क्षेत्र में कई नाले खुले हैं और कई जगहों पर लगी स्लैब जर्जर या ढीली हो चुकी हैं, लेकिन उनकी मरम्मत और नियमित निरीक्षण नहीं किया जाता। परिजनों का भी आरोप है कि यदि नाले की स्लैब सुरक्षित होती और जलभराव की समस्या का समय रहते समाधान किया गया होता, तो आर्यन की जान बच सकती थी। इस घटना ने एक बार फिर शहर में सार्वजनिक सुरक्षा और नोएडा प्राधिकरण की जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here