मेरठ में दलित छात्रा ललिता गौतम की हत्या का मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने मेरठ पहुंचे और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिया। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि छात्रा की हत्या के नामजद आरोपियों के खिलाफ कमजोर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि न्याय की मांग कर रहे आंदोलनकारियों पर गंभीर धाराएं लगाई गईं। उन्होंने इसे न्याय व्यवस्था के साथ अन्याय बताते हुए कहा कि पुलिस के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों का व्यवहार पूरे पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के बजाय सत्ता का अहंकार नजर आ रहा है।
सपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा, “पीडीए अब सहेगा नहीं, कहेगा।” उन्होंने कहा कि अब प्रदेश की जनता केवल भाषण नहीं, बल्कि न्याय और जवाबदेही चाहती है। मेरठ की इस घटना को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है, जबकि मामले में पुलिस की कार्रवाई और जांच पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।






