Home Uttar Pradesh 2027 की चुनावी तैयारी में जुटे सीएम योगी लगातार दौरों से तेज...

2027 की चुनावी तैयारी में जुटे सीएम योगी लगातार दौरों से तेज हुई चर्चा

38
0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव भले अभी कुछ समय दूर हों, लेकिन सियासी हलचल तेज होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिछले 10–15 दिनों के लगातार जिलों के दौरों ने यह संकेत दिया है कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी तैयारियों को गति देना शुरू कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विभिन्न जिलों का दौरा कर रहे हैं। इन दौरों के दौरान वह विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं, जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संदेश दे रहे हैं। साथ ही संगठन और प्रशासनिक स्तर पर भी सक्रियता बनाए हुए हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री के ये दौरे केवल विकास कार्यक्रमों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इन्हें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है। भाजपा सरकार की उपलब्धियों को जनता के बीच ले जाने और कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने की दिशा में भी ये दौरे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर विपक्ष लगातार चुनावी प्रदर्शन और नेतृत्व को लेकर सवाल उठाता रहा है। हालांकि, अब तक हुए लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन के आधार पर योगी आदित्यनाथ कई बार अपने आलोचकों को राजनीतिक जवाब दे चुके हैं।

लगातार जिलों का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रमों से यह संदेश भी निकलकर सामने आ रहा है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। पार्टी तीसरी बार लगातार उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस अभियान का नेतृत्व करते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में जुटे है।