गोरखपुर में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत सदर सांसद रवि किशन शुक्ला ने जिला महिला चिकित्सालय से की सांसद ने 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस दौरान सांसद रवि किशन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार आम जनता के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सरकार लगातार अभियान चला रही है। सांसद ने लोगों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।
रवि किशन ने बताया कि यदि कोई बच्चा किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाता है, तो आशा और स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उसे पोलियो ड्रॉप पिलाएंगी, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रह जाए।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिला महिला चिकित्सालय के एसआईसी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, आशा कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अभियान के दौरान बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को दोहराया गया।






