देहरादून पुलिस ने एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के सभी पुलिस थानों को बम विस्फोट से उड़ाने की धमकी देकर दहशत फैलाने की साजिश का खुलासा किया है। आरोपी ने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए धमकी भरे पोस्ट प्रसारित किए थे, जिसके बाद कोतवाली नगर में बीएनएस की धारा 351(3), 353 तथा आईटी एक्ट की धारा 66एफ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने डिजिटल फुटप्रिंट, तकनीकी सर्विलांस और साइबर विश्लेषण के आधार पर आरोपी 26 वर्षीय जसप्रीत सिंह पुत्र स्वर्गीय जोगिन्द्र सिंह निवासी कोतवाली बाजार, अंबाला हरियाणा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र में हुए एक विवाद और पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर तथा उत्तराखंड पुलिस को चुनौती देने के उद्देश्य से उसने 25 जून 2026 को अपनी इंस्टाग्राम आईडी से धमकी भरी पोस्ट की थी।
आरोपी के कब्जे से धमकी भरे संदेश प्रसारित करने में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच जारी है। देहरादून पुलिस ने आमजन से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने और किसी भी प्रकार की भ्रामक, धमकीपूर्ण या आतंक फैलाने वाली पोस्ट से बचने की अपील की है।






