मुरादाबाद। विकास और विरासत के संगम के बीच मुरादाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक भावुक और मानवीय पक्ष देखने को मिला। करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण के दौरान सबसे खास पल तब आया, जब ‘श्री राम वाटिका’ का उद्घाटन किसी जनप्रतिनिधि या अधिकारी ने नहीं, बल्कि छह वर्षीय वांची और उसकी छोटी बहन आची ने मुख्यमंत्री के सानिध्य में फीता काटकर किया।
इन दोनों बच्चियों का मुख्यमंत्री योगी से जुड़ाव आज का नहीं है। जून 2025 में वांची के पिता अमित कुमार अपनी बेटी के स्कूल में दाखिले को लेकर लंबे समय से परेशान थे। उन्होंने जनता दर्शन में मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी समस्या रखी थी। मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए और महज तीन घंटे के भीतर आरटीई के तहत वांची का दाखिला मुरादाबाद के प्रतिष्ठित सीएल गुप्ता वर्ल्ड स्कूल में सुनिश्चित करा दिया था।
एक वर्ष बाद जब मुख्यमंत्री मुरादाबाद पहुंचे, तो वही वांची अपनी छोटी बहन आची के साथ उनसे मिलने पहुंची। मुख्यमंत्री ने सुरक्षा घेरे के बीच दोनों बच्चियों को स्नेहपूर्वक अपने पास बुलाया और उनके नन्हे हाथों से ‘श्री राम वाटिका’ का लोकार्पण कराकर उसे जनता को समर्पित किया। यह भावुक पल कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण बन गया और वहां मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री के इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की।






