Home Breaking News कासगंज में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, खेत में गिरा विमान; प्रशिक्षु पायलट युवती...

कासगंज में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट क्रैश, खेत में गिरा विमान; प्रशिक्षु पायलट युवती गंभीर घायल

41
0

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। अलीगढ़ एयरपोर्ट से प्रशिक्षण उड़ान पर निकला एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस लाइन के पीछे हाईवे किनारे एक खेत में गिर गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

हादसे में विमान उड़ा रही प्रशिक्षु पायलट कायनात गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायल पायलट को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विमान हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने के बाद संतुलन खो बैठा और खेत में जा गिरा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। हादसे में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी प्रणय सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और घायल प्रशिक्षु पायलट का हालचाल जाना। वहीं पुलिस ने दुर्घटनास्थल को घेरकर सुरक्षित कर लिया है।