उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए जल जीवन मिशन की जमीनी मॉनिटरिंग तेज करने जा रही है। 15 से 25 जुलाई के बीच जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एक दर्जन से अधिक जिलों का दौरा कर गांवों में नल से जलापूर्ति, पानी की गुणवत्ता और परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लेंगे। विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।
निरीक्षण के दौरान मंत्री गांवों में रात्रि विश्राम करेंगे और ‘जल अर्पण’ कार्यक्रमों के जरिए ग्रामीणों को जल संरक्षण और जलापूर्ति व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। वहीं 24 जुलाई को मथुरा में संतों और यमुना तटवर्ती ग्रामीणों के साथ बैठक कर यमुना नदी की स्वच्छता और संरक्षण पर भी चर्चा होगी।
समीक्षा बैठक में जलशक्ति मंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि जलापूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी चीफ इंजीनियरों को हर परियोजना की व्यक्तिगत समीक्षा और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।






