मथुरा। थाना राया क्षेत्र स्थित यमुना एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 112-113 के बीच तेज रफ्तार वोल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 19 अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ट्रेलर से हुई जोरदार टक्कर मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






