Home Accident आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्लीपर बस की टक्कर से कार सवार...

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, स्लीपर बस की टक्कर से कार सवार पांच की मौत, 8 घायल

47
0

उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बस और कार में सवार कई लोग घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे से नीचे खंती में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

हादसा थाना बांगरमऊ क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 230.800 के पास बुधवार सुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, स्लीपर बस संख्या BR 06 F 1024 हरियाणा से बिहार जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस चालक को अचानक नींद आ गई, जिससे बस अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे से उतरकर खंती में पलट गई। इसी दौरान बस ने लखनऊ से आगरा की ओर जा रही कार संख्या यूपी 58 एके 3461 को भी अपनी चपेट में ले लिया।

बस की टक्कर लगने से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दिव्या (6 वर्ष), अंजू (40 वर्ष), अमृता (13 वर्ष), धुनमुन (60 वर्ष) और चालक विनोद (45 वर्ष) शामिल हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही थाना बांगरमऊ पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांगरमऊ भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में कार सवार चार लोग और बस में सवार चार यात्री घायल हुए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना, पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह और बांगरमऊ एसडीएम बृजमोहन शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने राहत कार्यों की जानकारी ली और घायलों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए। सीओ बांगरमऊ हर्ष मोदी ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात सुचारु करा दिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी की स्थिति रही, लेकिन पुलिस की तत्परता से यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई। प्रारंभिक जांच में बस चालक को नींद आने की बात सामने आई है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। वहीं, प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।