Home Breaking News अखिलेश यादव के जन्मदिन पर मुरादाबाद में 53 फीट का केक, कमाल...

अखिलेश यादव के जन्मदिन पर मुरादाबाद में 53 फीट का केक, कमाल अख्तर के इस्तीफे पर रुचि वीरा ने दी सफाई

40
0

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन के अवसर पर मुरादाबाद में पार्टी सांसद रुचि वीरा की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, इस दौरान 53 फीट लंबा केक काटा गया और कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर तथा आतिशबाजी कर जश्न मनाया, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे और उन्होंने अखिलेश यादव के स्वस्थ जीवन और राजनीतिक सफलता की कामना की।

हालांकि, जन्मदिन समारोह के बीच समाजवादी पार्टी की स्थानीय राजनीति भी चर्चा का विषय बनी रही, इससे पहले आयोजित पीडीए सम्मेलन को लेकर पार्टी के भीतर मतभेद सामने आए थे, सांसद रुचि वीरा ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताते हुए कहा था कि उन्हें सम्मेलन की जानकारी नहीं दी गई और न ही कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया, उन्होंने यह भी कहा था कि वह इस पूरे मामले की शिकायत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से करेंगी।

इसी बीच सपा नेता कमाल अख्तर के इस्तीफे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। माना जाने लगा कि कहीं यह इस्तीफा पीडीए सम्मेलन विवाद और रुचि वीरा की नाराजगी से जुड़ा तो नहीं है हालांकि, जब इस मुद्दे पर रुचि वीरा से सवाल किया गया तो उन्होंने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया।

Also Read – सहारनपुर से ‘स्कूल चलो अभियान’ के दूसरे चरण का आज शुभारंभ करेंगे सीएम योगी

रुचि वीरा ने कहा कि कमाल अख्तर का इस्तीफा पार्टी की सामान्य संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है, उनके अनुसार विधानसभा चुनाव नजदीक होने के कारण संगठन में समय-समय पर बदलाव किए जाते हैं और इस इस्तीफे का पीडीए सम्मेलन के दौरान हुए विवाद या उनकी शिकायत से कोई संबंध नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग दोनों घटनाओं को जोड़कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन ऐसा नहीं है, रुचि वीरा के मुताबिक, संगठन से जुड़े फैसले पार्टी नेतृत्व और राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्तर पर लिए जाते हैं और उन्हें किसी विवाद से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।