साक्षी महाराज का अखिलेश यादव पर निशाना, बोले- ‘अगर खुद को यदुवंशी मानते हैं तो मथुरा के विकास के लिए आगे आएं’
उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद साक्षी महाराज ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह स्वयं को यदुवंशी मानते हैं, तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के विकास के लिए आगे आना चाहिए, उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष इस दिशा में कोई पहल नहीं करता है, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मथुरा का भी भव्य विकास किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में कई मुद्दों पर रखी राय
शुक्रवार को अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में साक्षी महाराज ने प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी, इस दौरान उन्होंने मथुरा के विकास, सनातन बोर्ड की मांग, अयोध्या चढ़ावा प्रकरण, केशव प्रसाद मौर्य और मंदिरों की आय के उपयोग जैसे विषयों पर भी प्रतिक्रिया दी।
मथुरा के विकास को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना
साक्षी महाराज ने कहा कि अयोध्या और काशी के विकास के बाद अब मथुरा के विकास की दिशा में भी कार्य होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि अखिलेश यादव स्वयं को यदुवंशी मानते हैं, तो उन्हें भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि के विकास के लिए समर्थन देना चाहिए, उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में मथुरा को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा।
सनातन और हिंदुत्व को लेकर क्या कहा?
भाजपा सांसद ने कहा कि देश में सनातन और हिंदुत्व की विचारधारा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और इसी कारण भारतीय जनता पार्टी लगातार चुनावों में सफलता प्राप्त कर रही है, उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जता रही है।
केशव प्रसाद मौर्य मामले पर दिया बयान
Also Read – योगी ने विरोधियों को दिया मुंह तोड़ जवाब ! एक्शन से मची भगदड़ ! मोदी शाह भी होंगे खुश
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से जुड़े मुद्दे पर साक्षी महाराज ने कहा कि किसी भी मामले में जांच पूरी होने से पहले किसी व्यक्ति को क्लीन चिट देना या दोषी ठहराना उचित नहीं है, उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गठित एसआईटी को निष्पक्ष रूप से जांच करने दी जानी चाहिए और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचना चाहिए।
सनातन बोर्ड की मांग का किया समर्थन
साक्षी महाराज ने कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर द्वारा उठाई गई सनातन बोर्ड की मांग का समर्थन किया, उन्होंने कहा कि मंदिरों में आने वाले चढ़ावे का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में किया जाना चाहिए, उन्होंने केंद्र सरकार से सभी धार्मिक संस्थाओं में मिलने वाले चढ़ावे के उपयोग के लिए एक समान, पारदर्शी और राष्ट्रहित में नीति बनाने की भी मांग की। उनका कहना था कि सरकार जो भी निर्णय जनहित और राष्ट्रहित में लेगी, वह उसका पूरा समर्थन करेंगे।
अयोध्या चढ़ावा प्रकरण पर क्या बोले?
अयोध्या में चढ़ावे से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि विपक्ष का काम सवाल उठाना है, लेकिन किसी भी मामले में अंतिम निर्णय जांच पूरी होने के बाद ही होना चाहिए, उन्होंने बताया कि सरकार ने एसआईटी का गठन कर दिया है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी प्रकार की टिप्पणी करना उचित नहीं है, क्योंकि इससे जांच प्रभावित हो सकती है, उन्होंने विश्वास जताया कि एसआईटी निष्पक्ष जांच करेगी और सच्चाई सामने आएगी।
चुनाव और विपक्ष पर भी साधा निशाना
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि देश में चुनाव पूरी तरह लोकतांत्रिक और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं, उन्होंने आरोप लगाया कि पुराने दौर की राजनीति अब समाप्त हो चुकी है और जनता अपने मत के आधार पर सरकार चुन रही है, उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव आयोग की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और चुनावों का फैसला जनता के वोट से होता है, साथ ही उन्होंने दावा किया कि भाजपा को लगातार मिल रही चुनावी सफलता जनता के विश्वास का प्रमाण है।






