उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्री पद पर पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर उनके गृह क्षेत्र खटीमा में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक और सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के सफल कार्यकाल की कामना करते हुए सुंदरकांड का पाठ कराया, प्रसाद वितरित किया और राहगीरों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था भी की।
खटीमा चौराहा स्थित शनि देव मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। सुंदरकांड के पाठ के बाद श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को प्रसाद वितरित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर परिसर के बाहर प्याऊ लगाकर लोगों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की सराहना की। भाजपा नेता प्रकाश आर्य ने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और सुशासन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है तथा प्रदेश ने कई नए आयाम स्थापित किए हैं।
वहीं उत्तराखंड सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष दान सिंह रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी के कार्यकाल के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कार्यकाल भी विकास, सुशासन और जनविश्वास के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को नई पहचान और नई दिशा मिली है।
कार्यक्रम के समापन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पांच वर्ष का सफल कार्यकाल पूरा करने पर शुभकामनाएं और बधाई दी तथा उनके नेतृत्व में प्रदेश के निरंतर विकास की कामना की।






