उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होती जा रही हैं। इसी बीच योगी सरकार ने शाहजहांपुर जिले की जलालाबाद तहसील का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ करने का फैसला किया है। इस निर्णय के बाद राज्य की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है, राजनीतिक विश्लेषक इसे प्रतीकात्मक राजनीति और चुनावी रणनीति दोनों के नजरिए से देख रहे हैं।
ब्राह्मण वोट बैंक पर फिर फोकस
उत्तर प्रदेश की राजनीति में ब्राह्मण मतदाताओं को लंबे समय से प्रभावशाली माना जाता है, माना जाता है कि कई विधानसभा क्षेत्रों में उनका मतदान रुझान चुनावी नतीजों को प्रभावित कर सकता है, ऐसे में जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ किए जाने के फैसले को ब्राह्मण समाज तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
हाल के मुद्दों पर बनी थी राजनीतिक बहस
पिछले कुछ समय से यूजीसी, एनसीईआरटी से जुड़े विवाद और परशुराम जयंती की छुट्टी जैसे मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार भाजपा को घेरता रहा है, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी दोनों ने ब्राह्मण समाज को अपने पक्ष में लाने के लिए अलग-अलग स्तर पर राजनीतिक अभियान भी चलाए, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ब्राह्मण नेताओं के साथ बैठकें कीं, जबकि बसपा ने भी ब्राह्मण हितों को लेकर भाजपा पर सवाल उठाए।
भाजपा की रणनीति पर चर्चा
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि योगी सरकार का यह फैसला 2027 के चुनावों से पहले अपने पारंपरिक समर्थक वर्ग को सकारात्मक संदेश देने की रणनीति का हिस्सा हो सकता है, वहीं भाजपा नेताओं का कहना है कि यह फैसला भगवान परशुराम की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के सम्मान में लिया गया है।
विपक्ष ने उठाए सवाल
विपक्ष इस फैसले को चुनावी राजनीति से जोड़ रहा है। विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नाम बदलने की राजनीति कर रही है, उनका कहना है कि जनता अब केवल प्रतीकात्मक फैसलों से आगे बढ़कर जमीनी मुद्दों पर जवाब चाहती है।
2027 चुनाव से पहले बढ़ेगी राजनीतिक बहस
जलालाबाद का नाम बदलकर ‘परशुरामपुरी’ करने के फैसले ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश में ब्राह्मण राजनीति और वोट बैंक की चर्चा को तेज कर दिया है, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह फैसला राजनीतिक रूप से कितना प्रभाव डालता है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका क्या असर देखने को मिलता है।






