लखनऊ, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज (गुरुवार) चित्रकूट और बांदा के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे की शुरुआत चित्रकूट से करेंगे, जहां वह कामदगिरि की परिक्रमा और हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद बांदा में जनसभा को संबोधित करते हुए 709 करोड़ रुपये की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज सुबह चित्रकूट पहुंचेंगे। यहां न्यू सर्किट हाउस से बरहा के हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद करीब 6 किलोमीटर लंबी पवित्र कामदगिरि परिक्रमा करेंगे, जिसे लगभग एक घंटे में पूरा करने का कार्यक्रम है। परिक्रमा के बाद मुख्यमंत्री पुनः हनुमान मंदिर पहुंचेंगे और फिर न्यू सर्किट हाउस लौटेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री बांदा पहुंचेंगे, जहां पंडित जवाहरलाल नेहरू डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान वह बांदा सदर और बबेरू विधानसभा क्षेत्रों की कुल 709 करोड़ रुपये लागत की 229 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, बांदा सदर विधानसभा में 171 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 45 विकास कार्यों तथा बबेरू विधानसभा में 65 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 64 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा।
वहीं, बांदा सदर विधानसभा में 425 करोड़ रुपये की लागत से 40 नए विकास कार्यों और बबेरू विधानसभा में 47 करोड़ रुपये की लागत से 80 विकास कार्यों का शिलान्यास भी मुख्यमंत्री करेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शहर के कालूकुआ चौराहे पर रानी अवंति बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण भी कर सकते हैं।






