लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में लगातार नए कदम उठा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) और टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के बीच बुधवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी के जरिए स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी लाखों महिलाओं के लिए उद्यमिता, कौशल विकास और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित किए जाएंगे।
राज्य मिशन कार्यालय, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में हुए इस समझौते के तहत महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमों को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वयं सहायता समूहों और क्लस्टर स्तरीय संघों की संस्थागत क्षमता को भी मजबूत किया जाएगा। महिलाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण, व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
समझौते के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों में मिलेट कैफे, एग्रो प्रोसेसिंग आधारित इकाइयों तथा अन्य महिला नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यम स्थापित किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार मिलेगा और महिलाओं की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।
यह साझेदारी योगी सरकार के महत्वाकांक्षी ‘लखपति महिला उद्यमी’ अभियान को भी नई गति देगी। सरकार का लक्ष्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सफल उद्यमी बनाकर उनकी आय में स्थायी बढ़ोतरी करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
यूपीएसआरएलएम की मिशन निदेशक दीपा रंजन ने कहा कि मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सक्षम बनाना है। टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के साथ यह साझेदारी महिला उद्यमिता को नई दिशा देगी और महिलाओं की आय बढ़ाकर उन्हें ‘लखपति महिला उद्यमी’ बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन एवं मुख्य मानव संसाधन, सीएसआर एवं सस्टेनेबिलिटी अधिकारी हिमल तिवारी ने कहा कि यह सहयोग महिलाओं के नेतृत्व वाले उद्यमों को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में सतत आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण भी नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में यूपीएसआरएलएम के अपर मिशन निदेशक जयंत यादव, संयुक्त मिशन निदेशक चंद्रशेखर, राज्य परियोजना प्रबंधक आचार्य शेखर, मिशन मैनेजर नवीन शर्मा सहित मिशन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं टाटा पावर कम्युनिटी डेवलपमेंट ट्रस्ट की ओर से पंकज सिंह, गीतांजलि त्रिपाठी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।






